अब आंगनबाड़ी में सिर्फ खाना नहीं, बच्चों के भविष्य की भी तैयारी, काशी से सीएम योगी का बड़ा संदेश
वाराणसी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को वाराणसी पहुंचे. यहां रुद्राक्ष इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में नौवें राष्ट्रीय पोषण माह-2026 का शुभारंभ किया गया. इस कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी समेत केंद्र और प्रदेश सरकार के कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. इस बार पोषण माह की थीम ‘हमारी आंगनबाड़ी-हमारी जिम्मेदारी’ रखी गई है.
सीएम योगी.
राष्ट्रीय पोषण माह के जरिए देशभर में बच्चों, महिलाओं और गर्भवती महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है. इस बार खास तौर पर बच्चों के खाने में अलग-अलग तरह के पौष्टिक आहार और पर्याप्त प्रोटीन शामिल करने पर जोर रहेगा. देशभर के करीब 14 लाख आंगनबाड़ी केंद्रों के जरिए यह अभियान लोगों तक पहुंचाया जाएगा.
अभियान के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता पर भी ध्यान दिया जाएगा. स्थानीय और आसानी से मिलने वाली खाद्य सामग्री से पौष्टिक खाना तैयार करने के तरीके बताए जाएंगे. दाल, मोटे अनाज और मौसमी सब्जियों को भोजन में शामिल करने पर जोर रहेगा. साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा और गर्म पका हुआ खाना देने की व्यवस्था को बेहतर बनाने की कोशिश होगी.
इस बार सरकार ने आंगनबाड़ी केंद्रों में लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया है. इसके लिए आंगनबाड़ी प्रबंधन समितियों को सक्रिय किया जाएगा. ये समितियां केंद्र पर मिलने वाले भोजन और बच्चों को दी जा रही दूसरी सुविधाओं की निगरानी करेंगी. हर केंद्र पर बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की जाएगी. इसके अलावा बच्चों को रोज क्या भोजन दिया जा रहा है, इसकी जानकारी भी केंद्र पर लगाई जाएगी.
पोषण माह में छोटे बच्चों के शुरुआती विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा. खासकर 0 से 3 साल तक के बच्चों के विकास पर नजर रखी जाएगी. आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर अभिभावकों को बच्चों की देखभाल और उनकी उम्र के हिसाब से जरूरी गतिविधियों के बारे में जानकारी देंगी. अगर किसी बच्चे के विकास में कोई परेशानी सामने आती है तो उसे आगे की जांच और इलाज के लिए स्वास्थ्य विभाग से जोड़ा जाएगा.
इसके साथ ही 3 से 6 साल के बच्चों के लिए खेल-खेल में पढ़ाई और शुरुआती शिक्षा को बढ़ावा दिया जाएगा. आंगनबाड़ी केंद्रों को सिर्फ खाना बांटने की जगह न रखकर बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, देखभाल और शुरुआती शिक्षा का मजबूत केंद्र बनाने पर जोर दिया जा रहा है.
इस अभियान में गर्भवती और नवजात बच्चों की माताओं के पोषण पर भी खास ध्यान रहेगा. प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत पात्र महिलाओं को योजना से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा. सरकार का लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा पात्र महिलाओं को योजना का लाभ दिलाना है.
राष्ट्रीय पोषण माह हर साल सितंबर में मनाया जाता है. इस बार इसका राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ वाराणसी से किया गया है. सरकार का जोर सिर्फ एक महीने तक कार्यक्रम चलाने पर नहीं, बल्कि पोषण को लेकर लोगों की आदतों और सोच में लंबे समय तक बदलाव लाने पर है.
मूल लिंक: https://hindi.news18.com/amp/news/uttar-pradesh/varanasi-yogi-adityanath-poshan-mah-anganw
यदि आप इस सामग्री के प्रकाशक हैं और इसे यहाँ नहीं रखना चाहते, info@banaraslive.com पर लिखें।
यह भी पढ़ें
दो लाख आंगनबाड़ी सेंटर्स को अपग्रेड कर रही सरकार : अन्नपूर्णा
वाराणसी में राष्ट्रीय पोषण माह कार्यक्रम, CM योगी समेत कई बड़े नेता हुए शामिल
काशी में बोले सीएम योगी आदित्यनाथ - 'प्रदेश के आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को दो-दो यूनिफार्म देगी सरकार'