शुक्रवार, 4 सितंबर 2026 𝕏 फ़ीड RSS स्रोत नीति English
बनारसLive LIVE
काशी और पूर्वांचल की खबरें
English
धर्म-आस्था

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और रोपवे की प्रोग्रेस रिपोर्ट भेजी गई पीएमओ, इस महीने काशी को मिलेगी सौगात, पीएम नरेंद्र मोदी करेंगे उद्घाटन

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और रोपवे की प्रोग्रेस रिपोर्ट भेजी गई पीएमओ, इस महीने काशी को मिलेगी सौगात, पीएम नरेंद्र मोदी करेंगे उद्घाटन
तस्वीर: Patrika News

पीएम नरेंद्र मोदी(फोटो-IANS)

International Cricket Stadium Varanasi: वाराणसी को इस महीने दो बड़ी सौगात मिल सकती है। बताया जा रहा है कि सितंबर के अंतिम सप्ताह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काशी दौरे पर आ सकते हैं। इस दौरान गंजारी में बना रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और एशिया के पहले अर्बन रोपवे का उद्घाटन कर सकते हैं। गंजारी में बन रहे क्रिकेट स्टेडियम और कैंट से गोदौलिया तक प्रस्तावित सार्वजनिक परिवहन रोपवे की प्रगति रिपोर्ट को प्रधानमंत्री के कार्यालय भेजा जा चुका है और संभावना है कि इसी महीने के अंतिम सप्ताह में इसकी सौगात काशी वासियों को मिल जाएगी।

हालांकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वाराणसी दौरा अभी प्रस्तावित नहीं है, लेकिन बताया जा रहा है कि सितंबर के अंतिम सप्ताह में इन दोनों परियोजनाओं की उद्घाटन की तैयारी है, इसलिए संभावना जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों ही इन परियोजनाओं का उद्घाटन कराया जाएगा। हालांकि, प्रधानमंत्री का दौरा और उनके कार्यक्रम को लेकर अंतिम रूप से कोई निर्णय नहीं हुआ है। वाराणसी जिला प्रशासन ने परियोजनाओं के बारे में प्रधानमंत्री कार्यालय को अवगत करा दिया है।

स्टेडियम का 95 प्रतिशत कार्य पूरा

गंजारी में 450 करोड़ रुपए की लागत से बना रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का भव्य रूप निकलकर सामने आ रहा है और अब इसका निर्माण कार्य अंतिम चरण में चल रहा है। अब तक 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और सितंबर के अंतिम सप्ताह तक इस 100 प्रतिशत पूरा कर लिया जाएगा। स्टेडियम में फ्लड लाइट का निर्माण किया जा चुका है। इसके साथ ही दर्शकों के बैठने के लिए सीटों का काम भी पूरा किया जा चुका है। बता दें कि इस स्टेडियम में एक साथ 30 हजार दर्शक बैठकर अंतरराष्ट्रीय मैच देख सकेंगे। हालांकि, सीटों की संख्या को भविष्य में 40 हजार तक बढ़ाने की रूपरेखा भी तैयार की जा चुकी है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2023 में इस स्टेडियम का शिलान्यास किया था।

रोपवे परियोजना अंतिम चरण में

वहीं, कैंट रेलवे स्टेशन से गोदौलिया तक बनने वाला सार्वजनिक परिवहन रोपवे भी अपने अंतिम चरण में है। 3.75 किलोमीटर के इस प्रोजेक्ट में कैंट, काशी विद्यापीठ व रथ यात्रा स्टेशन का कार्य पूरा किया जा चुका है। वहीं, गोदौलिया स्टेशन का निर्माण कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। बता दें कि यह रोपवे परियोजना एशिया की पहली शहरी रोपवे परियोजना होगी, जिसमें यात्री कैंट रेलवे स्टेशन से गोदौलिया तक सफर कर सकेंगे। इस परियोजना का अंतिम ट्रायल भी चल रहा है। जल्द ही इसकी सौगात काशी वासियों और काशी पहुंचने वाले पर्यटकों को मिलेगी।

स्रोत: यह सामग्री Patrika News द्वारा प्रकाशित की गई थी — पूरा श्रेय मूल प्रकाशक का है।
मूल लिंक: https://www.patrika.com/varanasi-news/international-cricket-stadium-varanasi-urban-ropeway
यदि आप इस सामग्री के प्रकाशक हैं और इसे यहाँ नहीं रखना चाहते, info@banaraslive.com पर लिखें।

यह भी पढ़ें