बुधवार, 4 नवंबर 2026 𝕏 फ़ीड RSS स्रोत नीति English
बनारसLive LIVE
काशी और पूर्वांचल की खबरें
English
धर्म-आस्था

बहादुरपुर के शक्ति घाट, डोमरी और अवधूत भगवान राम घाट पर उमड़ा जनसैलाब

बहादुरपुर के शक्ति घाट, डोमरी और अवधूत भगवान राम घाट पर उमड़ा जनसैलाब
तस्वीर: Hindustan

Varanasi News: बहादुरपुर के शक्ति घाट, डोमरी और अवधूत भगवान राम घाट पर उमड़ा जनसैलाब युवाओं,

Varanasi News: पीडीडीयू नगर। वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित तीन दिवसीय एयर शो के अंतिम दिन रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही लाखों चंदौलीवासी भी शौर्य और पराक्रम के गवाह बने। करीब तीन किमी के दायरे में लाखों लोगों की मौजूदगी ने एयर शो को ऐतिहासिक बना दिया। गंगा की लहरों के ऊपर इठलाते और अठखेलियां करते विमानों के करतब देखकर लोग दांतों तले उंगली दबाने को मजबूर हो गए। उमड़ते-घुमड़ते सावन-भादों के बादलों की तरह कभी ओझल होते तो कभी मौजूद लोगों के ऊपर से गुजरते विमानों को देखकर लोग शोर मचाते, सीटियां बजाते और हर-हर महादेव का उद्घोष करते नजर आए।

सुबह पहले चरण में 11:40 बजे जैसे ही सेना के हेलीकॉप्टरों का आगमन हुआ, हर ओर उल्लास और उत्साह से लबरेज लोगों ने करतल ध्वनि से उनका स्वागत किया। डोमरी से लेकर अवधूत भगवान राम घाट, सर्वेश्वरी सेवा संघ और बहादुरपुर के शक्ति घाट तक उमड़ा जनसैलाब इन अविस्मरणीय पलों को अपने कैमरों में कैद करने को बेताब दिखा। युवा, छात्र, किशोर, बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग, हर कोई इस नजारे का गवाह बना। वहीं आसमान में वायुवीरों की कलाबाजियों का कोई भी पल लोग अपने मोबाइल कैमरे में कैद करने से चूकना नहीं चाहते थे। कई लोग दूरबीन लेकर भी पहुंचे थे। उन्होंने खुद दूरबीन से इस नजारे को निहारा और बच्चों को भी दिखाया। इस ऐतिहासिक दिन और एयर शो के अविस्मरणीय पलों को लोग अपने मन-मस्तिष्क और कैमरों में कैद कर सकुशल वापस लौट गए।

स्रोत: यह सामग्री Hindustan द्वारा प्रकाशित की गई थी — पूरा श्रेय मूल प्रकाशक का है।
मूल लिंक: https://www.livehindustan.com/uttar-pradesh/varanasi/story-varanasi-air-show-draws-lakhs-a
यदि आप इस सामग्री के प्रकाशक हैं और इसे यहाँ नहीं रखना चाहते, info@banaraslive.com पर लिखें।

यह भी पढ़ें