छह माह में एक लाख को देंगे नौकरी : योगी
Varanasi News: वाराणसी में शिक्षक-स्नातक सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। उन्होंने भर्ती अभियान, शिक्षकों के लिए स्वास्थ्य और सुरक्षा बीमा, रोजगार-सृजन, विश्वविद्यालयों और न्यू पेंशन स्कीम के तहत खातों का उल्लेख किया। साथ ही सपा पर भर्ती, शिक्षा और परिवारवाद को लेकर निशाना साधा।
Varanasi News: वाराणसी, विशेष संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को यहां कहा कि डबल इंजन सरकार ने साढ़े 9 वर्ष में साढ़े 9 लाख नौजवानों को नियुक्ति पत्र वितरित किए हैं। अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। प्रदेश में भर्ती अभियान जारी है, आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने युवाओं, शिक्षकों से आग्रह किया कि विधान परिषद के अगले चुनाव में परिवारवादी को नहीं, ऐसे व्यक्ति को सदन में भेजें जो आपकी बातों को प्रभावी ढंग से रख सके। सपा पर हमलावर रहे मुख्यमंत्री ने ‘सैफई सिंडिकेट’, ‘गिरगिटों’ और ‘चचा-भतीजा की जोड़ी’ जैसे शब्दों से जमकर कटाक्ष किया। आगाह किया कि इन पर भूल कर भी विश्वास नहीं करना है। मुख्यमंत्री संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान में आयोजित भाजपा के शिक्षक-स्नातक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। कहा कि किसी समाज और राष्ट्र के भविष्य को जांचना हो तो वहां के युवाओं को देखा जा सकता है। स्नातक और शिक्षक समाज के सजग प्रहरी हैं। सपा सरकार के समय युवाओं की दुर्गति किसी से छिपी नहीं है। ‘सैफई सिंडिकेट’ ने भर्ती आयोगों और बोर्डों में अपने खानदान के लोगों को बैठा दिया था, चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी। सैफई सिंडिकेट के बाहर किसी को नौकरी नहीं मिलती थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में नियुक्ति पत्र वितरण के चार कार्यक्रम हो चुके हैं। यूपी पुलिस में 32000 पदों पर भर्ती का एक और परिणाम आया है। एक सप्ताह पहले होमगार्ड के 42 हजार जवानों की भर्ती पूरी हुई, इन सभी को जल्द ही नियुक्ति पत्र देंगे। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल में दंगा, भ्रष्टाचार, माफिया और कब्जा की वजह से यूपी के लिए पहचान का संकट हो गया था। उत्सव से पहले उपद्रव होता था। इन वजह से निवेश नहीं आता था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद सही कानून व्यवस्था नए यूपी की पहचान है। सीएम ने फिर तंज कसा कि सपा और शिक्षा नदी के वे दो छोर हैं, जो कभी मिलते नहीं। सपा जब शिक्षा, शिक्षकों और युवाओं पर बोलती है तो हंसी आती है। पाप करने वाले सपाई हमें उपदेश न दें। 2017 में बेसिक और माध्यमिक स्कूलों में 1.60 लाख शिक्षकों के पद भरे गए। सेवानिवृत्त शिक्षकों के स्थान पर भी भर्ती हुई। शिक्षक समाज, राष्ट्र और युग के निर्माता हैं। काशी ज्ञान की धरा है। यहां गुरु परंपरा श्रद्धा से परिपूर्ण है।
राज्यसभा चुनाव और पीडीए पर निशाना
हाल के राज्यसभा चुनाव की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा, भाजपा ने हर समाज को प्रतिनिधित्व दिया, लेकिन समाजवादी बताएं कि उनका पीडीए कहां चला गया। इनके पीडीए का मतलब ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ या ‘पराया धन अपना’ है, जो इस चुनाव में चरितार्थ हुआ। इनके एक भी प्रत्याशी गाजीपुर, काशी, बलिया के यादव नहीं, बल्कि चचा जान रामगोपाल यादव रहे। दूसरी सीट भी किसी दलित या इनके खानदानी वोट बैंक मुस्लिम को नहीं दी गई, बल्कि वह टिकट धन्ना सेठ को बेच दिया गया। यही सपा की सच्चाई है।
शिक्षकों की समस्याओं और सुरक्षा पर जोर
शिक्षकों की हर समस्या का समाधान किया
योगी ने कहा कि शिक्षक विधायकों ने जो भी समस्या बताई, हमने सभी का समाधान किया। सरकार ने काशी की धरती से ही सरकारी, अनुदानित, स्ववित्तपोषित समेत बेसिक से विश्वविद्यालय स्तर के सभी शिक्षकों और उनके परिजनों को 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराया, उन्हें सामाजिक सुरक्षा की गारंटी भी दी। वित्तपोषित विद्यालयों के शिक्षकों को 40 लाख से डेढ़ करोड़ का सुरक्षा बीमा कवर भी दिया गया है। उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने कहा कि शिक्षकों को टीईटी पास करना होगा तो हमने स्पेशल टीईटी कराकर सभी शिक्षकों को लाभ दिया। यह सरकार की संवेदनशीलता और शिक्षकों के प्रति सम्मान का भाव है। आह्वान किया कि परिवारवादी, शिक्षा विरोधियों, माफिया के पिछलग्गू और माफिया की कब्र पर जाकर फातिहा पढ़ने वालों को सदन में कतई न भेजिए। आजम खां के बनाए जाने वाले विश्वविद्यालय के लिए 10 एकड़ और अन्य के लिए 100 एकड़ जमीन होने पर मान्यता देने की बात तत्कालीन सरकार की बेईमानी दर्शाती है। सपा और कांग्रेस को जोड़ने में नहीं, बल्कि तोड़ने में मजा आता है। हमें बंटने नहीं देना है।
भर्ती प्रक्रिया और रोजगार के दावे
थर्ड डिवीजन पास बना था यूपीपीएससी टॉपर
सीएम ने कहा कि अब विभिन्न आयोगों और बोर्डों की भर्तियां ईमानदारी से हो रही हैं, लेकिन सपा के समय यह पारदर्शिता नहीं थी। सपा ने अयोग्य अनिल यादव को एक आयोग का अध्यक्ष बना दिया गया था। यूपी पब्लिक सर्विस कमीशन में ऐसे व्यक्ति ने टॉप किया था, जो हाईस्कूल, इंटर और बीए तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुआ था।
तीन करोड़ से अधिक को रोजगार और स्वरोजगार
आज का सवालसवाल 1/5
अभिजीत दीपके ने 16 अक्तूबर को कहां तिरंगा लेकर पहुंचने की अपील की है?
मोबाइल रिचार्ज जीतने का मौका!सीएम ने कहा कि विश्वनाथ धाम में औसतन प्रतिदिन एक लाख श्रद्धालु आते हैं। सावन और त्योहारों में यह संख्या बढ़ जाती है। बाबा की धरती पर सर्वाधिक श्रद्धालु आ रहे हैं। प्रदेश में नए रोजगार सृजित हुए हैं। 65 लाख युवाओं को निजी क्षेत्र में नौकरी दी गई है। परंपरागत उद्यम को ओडीओपी, पीएम विश्वकर्मा के माध्यम से प्रमोट कर तीन करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ा गया है। यूपी की पहचान अब दंगा, माफिया, कर्फ्यू से नहीं, बल्कि कानून व्यवस्था, पर्यटन डेस्टिनेशन, इन्फ्रास्ट्रक्चर, काशी विश्वनाथ धाम, राम मंदिर, प्रयागराज महाकुंभ और मथुरा-वृंदावन से होती है। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले केवल 120 स्टार्टअप थे, आज यह संख्या 24,000 से अधिक है। अब युवा जॉब सीकर नहीं, जॉब क्रिएटर हो गया है। यूपी अब बीमारू राज्य से मुक्त होकर भारत का ग्रोथ इंजन बन गया है।
विश्वविद्यालय और युवाओं के लिए योजनाएं
अब जनपदों में विश्वविद्यालय
सीएम ने कहा कि सरकार ने 62 लाख युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन दिए हैं। दो करोड़ और युवाओं को टैबलेट देंगे। भारतीय ज्ञान परंपरा के लिए हर विश्वविद्यालय में पीठ की स्थापना का कार्यक्रम बढ़ रहा है। हर मंडलों में विश्वविद्यालय के बाद जनपदों की ओर रूख कर रहे हैं। संत रविदास नगर, कुशीनगर, शाहजहांपुर में यूनिवर्सिटी बन रही है। डबल इंजन सरकार ने मिर्जापुर में मां विंध्यवासिनी, बलरामपुर में मां पाटेश्वरी, आजमगढ़ में महाराज सुहेलदेव, मुरादाबाद में गुरु जम्भेश्वर, सहारनपुर में मां शाकंभरी, अलीगढ़ में राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय का निर्माण किया। अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल विश्वविद्यालय, गोरखपुर में आयुष विवि, मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय बनाया गया।
नई पेंशन योजना और सम्मेलन में मौजूद लोग
सरकार ने न्यू पेंशन स्कीम में 14 लाख खाते खोले
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओल्ड पेंशन स्कीम को समाजवादी पार्टी ने समाप्त किया था। 2017 में जब हमारी सरकार बनी थी तो ओपीएस का मुद्दा आया। तब हमने वित्त सचिव के नेतृत्व में कमेटी बनाई। 2005 से 2017 तक सरकारों ने शिक्षकों-कर्मचारियों का एक भी पैसा न्यू पेंशन स्कीम में नहीं डाला, बल्कि खाता तक नहीं खोला। उस समय न्यू पेंशन स्कीम में 10 फीसदी कर्मचारी-10 फीसदी शेयर सरकार का था। सरकार बनने के बाद हमने 14 लाख कार्मिकों के खाते खोलने के लिए 10 हजार करोड़ रुपये की व्यवस्था की, साथ ही सरकार का शेयर बढ़ाकर 14 फीसदी किया।
ये भी मौजूद रहे
सम्मेलन के मंच पर संसदीय एवं वित्त और जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल और दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम, सुनील पटेल, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह एवं विशाल सिंह चंचल, एमएलसी एवं जिला और महानगर प्रभारी अरुण पाठक, जिला पंचायत की प्रशासक पूनम मौर्या, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि आदि मौजूद रहे।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
✦अगले छह महीने में कितने युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे?−
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
✦सरकार ने शिक्षकों और उनके परिजनों को कितना स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराया?+
✦न्यू पेंशन स्कीम के तहत कितने कार्मिकों के खाते खोलने की व्यवस्था की गई?+
✦प्रदेश में 2017 से पहले कितने स्टार्टअप थे और अब कितने से अधिक हैं?+
मूल लिंक: https://www.livehindustan.com/uttar-pradesh/varanasi/story-yogi-adityanath-announces-1-lak
यदि आप इस सामग्री के प्रकाशक हैं और इसे यहाँ नहीं रखना चाहते, info@banaraslive.com पर लिखें।
यह भी पढ़ें
काशी में सुखोई-राफेल की गर्जना, घरों से बाहर निकले लोग, शुरू हुआ एयर शो का रिहर्सल
वाराणसी में एयर शो के लिए महाकुंभ जैसी सुरक्षा: 22 से शुरू होगा, 20 लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान; ट्रैफिक...
एयर शो के लिए महाकुंभ की तर्ज पर सुरक्षा इंतजाम: 3 दिनों में वाराणसी पहुंचेंगे 20 लाख लोग; PM और CM भी आ सक...