एक दिन के दौरे पर कल वाराणसी पहुंचेंगे पीएम मोदी, वायुसेना के कार्यक्रम में करेंगे शिरकत
प्रधानमंत्री और काशी के सांसद नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर, रविवार यानी कल अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में एक दिवसीय 4 घंटे के दौरे पर पहुंचेंगे. मुख्य रूप से वह भारतीय वायु सेवा के 94 वर्षगांठ के मौके पर नमो घाट पर आयोजित होने वाले एरियल डिस्प्ले के अंतिम दिन शरीक होने के लिए पहुंच रहे हैं. इसके पहले वह अरविंद मिल का उद्घाटन भी करेंगे. वाराणसी आगमन पर भारतीय जनता पार्टी भव्य स्वागत की तैयारी में जुट गई है.
प्रधानमंत्री के स्वागत में पुलिस लाइन से नमोघाट तक जगह-जगह स्वागत केंद्र बनाए गए हैं. यहां ढोल-नगाड़ों की गूंज, डमरू दल के वादन, शंखनाद और सांस्कृतिक नृत्य के बीच ‘जयश्रीराम’ और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से काशी का माहौल भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बनाने की तैयारी है. प्रधानमंत्री के यात्रा मार्ग पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया जाएगा.
भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर को पूर्वाह्न 10 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे. यहां से हेलीकॉप्टर से मिर्जामुराद जाएंगे, जहां अरविंद मिल का उद्घाटन करेंगे. इसके बाद दोपहर 12 बजे हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचेंगे. यहां से सड़क मार्ग से नमोघाट जाएंगे और गंगा के ऊपर आयोजित भारतीय वायुसेना के भव्य एयर शो में शामिल होंगे. अशोक चौरसिया ने बताया कि प्रधानमंत्री के सड़क मार्ग से गुजरने के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं काशी वासी निर्धारित स्वागत केंद्रों पर मौजूद रहेंगे.
सम्बंधित ख़बरें
इन स्थानों पर गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा कर प्रधानमंत्री का स्वागत किया जाएगा. ढोल-नगाड़े, डमरू दल और शंखनाद के साथ ‘जयश्रीराम’ तथा ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष होंगे. स्वागत केंद्रों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से पीएम का अभिनन्दन किया जायेगा और भाजपा ने कार्यकर्ताओं को स्वागत की जिम्मेदारी सौंपते हुए पूरे मार्ग पर उत्सव जैसा माहौल बनाने की योजना तैयार की है.
इन स्थानों पर बनाए गए स्वागत केंद्र
भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया के अनुसार, प्रधानमंत्री के स्वागत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए पुलिस लाइन मुख्य द्वार, पुलिस लाइन चौराहा, खजूरी-मकबूल आलम रोड यस बैंक के सामने, हुकुलगंज तिरमुहानी, चौकाघाट लकड़ी मंडी, सिटी स्टेशन के सामने, गोलगड्डा चौराहा रेलवे अंडरपास, भदऊं चुंगी, रेलवे पुल से पहले, नमोघाट जाने वाली ढलान और नमोघाट मोड़ स्थित सीएनजी स्टेशन के सामने स्वागत केंद्र बनाए गए हैं.
नमोघाट पर भी स्वागत की विशेष व्यवस्था रहेगी. इन सभी स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ता काशी वासियों के साथ प्रधानमंत्री के स्वागत में जुटेंगे. सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के माध्यम से काशी की धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित करने की तैयारी है.
दोपहर दो बजे के बाद दिल्ली रवाना होंगे प्रधानमंत्री
अशोक चौरसिया ने बताया कि नमोघाट पर आयोजित एयर शो दोपहर दो बजे समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सड़क मार्ग से पुलिस लाइन पहुंचेंगे. वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा बाबतपुर एयरपोर्ट जाएंगे. इसके बाद विमान से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे. प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर भाजपा ने स्वागत की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है.
---- समाप्त ----
मूल लिंक: https://www.aajtak.in/india/news/story/varanasi-pm-modi-to-inaugurate-arvind-mill-watch-ai
यदि आप इस सामग्री के प्रकाशक हैं और इसे यहाँ नहीं रखना चाहते, info@banaraslive.com पर लिखें।
यह भी पढ़ें
वाराणसी में कल PM मोदी का मेगा दौरा, वायुसेना के एयर शो में होंगे शामिल
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 अक्टूबर को करेंगे वाराणसी में अरविंद मिल का लोकार्पण, परिसर के पास हेलीकाप्टर ने किया रिहर्सल
वाराणसी-दिल्ली के बीच चलेगी स्लीपर वंदेभारत, 31 अक्टूबर को शुरू हो सकती है ट्रेन