सोमवार, 19 अक्टूबर 2026 𝕏 फ़ीड RSS स्रोत नीति English
बनारसLive LIVE
काशी और पूर्वांचल की खबरें
English
विकास

जन्मदिन पर PM मोदी को खास तोहफा, वडनगर-वाराणसी में दिखा अनोखा नजारा, सड़कों पर उतरे सैकड़ों बाइकर्स

जन्मदिन पर PM मोदी को खास तोहफा, वडनगर-वाराणसी में दिखा अनोखा नजारा, सड़कों पर उतरे सैकड़ों बाइकर्स
तस्वीर: peoplesupdate.com

PM मोदी के 76वें जन्मदिन पर वडनगर और वाराणसी से ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ शुरू हुई। अमित शाह ने वडनगर और राजनाथ सिंह-योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी से यात्रा को हरी झंडी दिखाई। यह अभियान पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल से जुड़ा है। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा, सफाई, रक्तदान और जागरूकता कार्यक्रम होंगे।

Publish Date: 17 Sep 2026, 2:46 PM (IST)Reading Time: 3 Minute Read

PM मोदी के 76वें जन्मदिन पर वडनगर और वाराणसी से ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ शुरू हुई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिन गुरुवार को देशभर में अलग-अलग कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। इस बार जन्मदिन इसलिए भी खास रहा, क्योंकि उनके सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने का भी जिक्र हुआ। इस मौके पर गुजरात का वडनगर और उत्तर प्रदेश का वाराणसी खास केंद्र रहे। वडनगर पीएम मोदी की जन्मभूमि है, जबकि वाराणसी उनका लोकसभा क्षेत्र है। दोनों शहरों में धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम हुए। इसी के साथ बीजेपी ने एक महीने के ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की। अभियान के तहत सेवा, जनभागीदारी और जनसंपर्क से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

वडनगर में अमित शाह ने की पूजा

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह वडनगर पहुंचे। उन्होंने हाटकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की और पीएम मोदी के अच्छे स्वास्थ्य व लंबी उम्र की कामना की। इसके बाद अमित शाह ने वडनगर से वाराणसी के लिए निकलने वाली ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ को हरी झंडी दिखाई। यह यात्रा पीएम मोदी के जन्मस्थान को उनके लोकसभा क्षेत्र वाराणसी से जोड़ने वाली पहल के तौर पर आयोजित की गई है।

काशी में भी हुआ खास आयोजन

वाराणसी में भी पीएम मोदी के जन्मदिन को लेकर खास कार्यक्रम हुए। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेता काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। इससे पहले 51 सेवा यात्रियों ने ललिता घाट पहुंचकर गंगाजल लिया। इसके बाद काशी विश्वनाथ मंदिर में जलाभिषेक किया गया। धार्मिक अनुष्ठान के बाद वाराणसी से वडनगर जाने वाली बाइक यात्रा को रवाना किया गया।

दोनों शहरों से एक साथ निकली बाइक यात्रा

‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ की खास बात यह रही कि वडनगर और वाराणसी दोनों जगहों से एक साथ यात्राएं शुरू की गईं। वडनगर में अमित शाह ने यात्रा को रवाना किया, जबकि वाराणसी में राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ ने हरी झंडी दिखाई। जानकारी के मुताबिक, इस अभियान का मकसद पीएम मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन से जुड़े कामों और सेवा गतिविधियों का संदेश अलग-अलग इलाकों तक पहुंचाना है। यात्रा कई राज्यों, जिलों और गांवों से होकर गुजरेगी। मौजूदा रिपोर्टों के मुताबिक दोनों दिशाओं की यात्राएं मिलकर करीब 40 हजार किलोमीटर की दूरी तय करेंगी और 10 राज्यों के 193 जिलों व 1,159 गांवों तक पहुंचेंगी। 

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान

बीजेपी का ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाने की योजना है। इसके तहत देशभर में सेवा और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम होंगे। इनमें रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य से जुड़े कार्यक्रम, सफाई अभियान, जागरूकता कार्यक्रम और जनसंपर्क गतिविधियां शामिल हैं। इस अभियान के जरिए पीएम मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर किए गए कामों और प्रधानमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल से जुड़े पहलुओं को भी सामने रखा जाएगा।

गांवों तक पहुंचेगा 25 साल की सेवा का संदेश

बाइक यात्रा सिर्फ वडनगर और वाराणसी के बीच आने-जाने तक सीमित नहीं रहेगी। रास्ते में आने वाले गांवों और स्थानीय इलाकों में भी सेवा से जुड़े कार्यक्रम और लोगों से संपर्क की गतिविधियां रखी गई हैं। यात्रा के दौरान स्वच्छता, नशामुक्ति, पर्यावरण, जल संरक्षण और जनकल्याण जैसे मुद्दों से जुड़े कार्यक्रमों की भी योजना बताई गई है। इस तरह पीएम मोदी के जन्मदिन के साथ शुरू हुआ यह अभियान पूरे एक महीने तक अलग-अलग सेवा और जनभागीदारी कार्यक्रमों के जरिए आगे बढ़ेगा।  

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...Read More

स्रोत: यह सामग्री peoplesupdate.com द्वारा प्रकाशित की गई थी — पूरा श्रेय मूल प्रकाशक का है।
मूल लिंक: https://peoplesupdate.com/national-pm-modi-76th-birthday-seva-sankalp-abhiyan-vadnagar-var
यदि आप इस सामग्री के प्रकाशक हैं और इसे यहाँ नहीं रखना चाहते, info@banaraslive.com पर लिखें।

यह भी पढ़ें