काशी में PM मोदी के जन्मदिन का बनारसी अंदाज, किसी ने गंगा से मांगी लंबी उम्र तो किसी ने संस्कृत में गाया बध...
PM Modi Birthday Celebration Varanasi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर काशी में सुबह से ही अलग-अलग आयोजन हो रहे हैं. इसी बीच बनारसियों ने अपने खास अंदाज में पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई दी. घाट पर पूजा कराने वाले धर्म देव द्विवेदी ने बनारसी बोली में उनके लंबे जीवन और देश के विकास की कामना की, तो संस्कृत शिक्षकों और विद्यार्थियों ने संस्कृत में गीत गाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं. वहीं काशी के कारोबारियों और स्थानीय लोगों ने भी अपने-अपने अंदाज में पीएम मोदी को बधाई देते हुए शहर में हुए बदलावों और विकास का जिक्र किया. किसी ने मां गंगा और बाबा विश्वनाथ से उनकी लंबी उम्र की प्रार्थना की तो किसी ने गरीबों पर और ध्यान देने की बात कही.
वाराणसी: बनारस में बात हो और अंदाज बनारसी न हो, ऐसा भला कैसे हो सकता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर काशी में भी अलग-अलग जगहों पर आयोजन हो रहे हैं. इसी बीच बनारसियों ने उन्हें अपने ही अंदाज में जन्मदिन की बधाई दी. किसी ने मां गंगा से पीएम की लंबी उम्र की कामना की तो किसी ने संस्कृत में गीत गाकर शुभकामनाएं दीं. वहीं कुछ लोगों ने पीएम के कामों की तारीफ करते हुए अपनी उम्मीदें भी सामने रखीं.
घाट पर पूजा-पाठ कराने वाले धर्म देव द्विवेदी ने बनारसी अंदाज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी. उन्होंने कहा, “खूब जिएं-जगे मोदी जी, गंगा माई उम्र दें. हमरे देश के विकास में उनकर योगदान रहें और उनके बुद्धि काम करें. हर जनता का दुख-सुख समझें.” इस दौरान धर्म देव द्विवेदी ने बताया कि वह मूल रूप से मिर्जापुर के रहने वाले हैं. उन्होंने कहा कि वहां का बच्चा-बच्चा भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जानता है. उनके मुताबिक, जिस जगह पहले जंगल हुआ करता था, वहां भी अब सड़क और विकास का काम हुआ है. उन्होंने मां गंगा, मां अन्नपूर्णा और सभी देवी-देवताओं से प्रार्थना की कि मोदी सरकार को आगे बढ़ाएं, ताकि देश का विकास होता रहे.
संस्कृत में गाया जन्मदिन का गीत
प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर संस्कृत से जुड़े शिक्षकों और विद्यार्थियों ने भी उन्हें खास अंदाज में शुभकामनाएं दीं. उन्होंने देव भाषा संस्कृत में ‘भव्यम-भव्यम भव्यम-भव्यम जन्मदिनम भूयाम… सुभम्भु याम-सुभम्भु याम’ गीत गाकर पीएम मोदी के दीर्घायु होने की कामना की.
Local18 से बातचीत में पवन शुक्ला ने कहा कि काशी में रहने वाले लोग प्रधानमंत्री के कामों को लंबे समय से देखते और महसूस करते आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि 2014 से 2026 तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कामों को काशी के लोगों ने करीब से देखा है. उन्होंने मां गंगा से पीएम मोदी की लंबी उम्र की कामना की और कहा कि वह इसी तरह देश का विकास करते रहें, ताकि भारत आगे चलकर विश्व गुरु बन सके.
‘आज हमरे प्रधानमंत्री का जन्मदिन हो’
बनारस के रहने वाले उदित नारायण मिश्रा ने भी अपने खास बनारसी अंदाज में प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी. उन्होंने कहा, “आज हमरे प्रधानमंत्री जी का जन्मदिवस हो. सबसे बड़ी बात ई हो की माई गंगा उनके बुलइलीं और ऊ माई गंगा के निर्मल करके साफ कइलन.”
उन्होंने कहा कि गंगा के साफ होने और यहां विकास के काम बढ़ने से पर्यटन भी बढ़ा है. दूसरे शहरों और जगहों से ज्यादा लोग बनारस आने लगे हैं, जिसका फायदा यहां के कारोबारियों को भी मिला है. उन्होंने खास तौर पर साड़ी, पान और नाव चलाने वाले लोगों का जिक्र किया. उदित नारायण मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री के कामों से अलग-अलग कारोबार से जुड़े लोगों को फायदा हुआ है. उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज की ओर से मां गंगा और बाबा विश्वनाथ से प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की जाती है. साथ ही उन्होंने प्रार्थना की कि देश के कल्याण के लिए पीएम मोदी जो काम कर रहे हैं, उनकी मंगलकामना पूरी हो.
‘काशी का त बहुत विकास भयल’
माला-फूल बेचने वाले राजीव पांडेय ने भी प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी के लिए बहुत काम किया है. उनके मुताबिक, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर बना, अब रोपवे का काम हो रहा है और सड़कों का भी विकास हुआ है. इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री को गरीब लोगों पर भी थोड़ा और ध्यान देना चाहिए. उन्होंने कहा कि काशी में विकास के बहुत से काम हुए हैं, लेकिन गरीबों की परेशानी पर भी ध्यान दिया जाना जरूरी है.
शहर में हो रहे अलग-अलग आयोजन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर वाराणसी में सुबह से ही अलग-अलग कार्यक्रम किए जा रहे हैं. कहीं हवन-पूजन हो रहा है तो कहीं उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना के लिए मां गंगा का पूजन किया जा रहा है. इसके अलावा शहर के अलग-अलग इलाकों में ब्लड डोनेशन कैंप, सफाई अभियान और सेवा संकल्प से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं.
About the Author
Seema Nath is a digital journalist and content creator with 6 years of experience in journalism, including ground reporting, regional news coverage and feature writing. She currently works as a Content Producer...
और पढ़ें
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
Location :
Varanasi,Uttar Pradesh
First Published :
September 17, 2026, 12:57 IST
मूल लिंक: https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/varanasi-pm-modi-birthday-varanasi-people-spec
यदि आप इस सामग्री के प्रकाशक हैं और इसे यहाँ नहीं रखना चाहते, info@banaraslive.com पर लिखें।
यह भी पढ़ें
वाराणसी एयर शो: चंदौली के गंगा घाटों पर तेज हुई तैयारियां, PWD को 72 घंटे में काम पूरा करने का अल्टीमेटम
काशी में तीन घंटे का एयर शो: 21 को एक साथ 20 से ज्यादा विमान करेंगे अभ्यास, नमो घाट पर रहेगा प्रतिबंध; निगरानी
काशी से आए पंडित करा रहे मां दुर्गा की आरती: गंगा आरती की तर्ज पर हो रही पूजा, भाग लेने आ रोज आ रहे हजारों ...