काशी टोल पर भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, बुलडोजर से: हुई फूलों की बारिश; नितिन नवीन-पंकज चौधरी का भव्य स्वागत
मेरठ। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे स्थित काशी टोल प्लाजा पर सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के स्वागत में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी उनके साथ पहुंचे। दोनों नेताओं का कैबिनेट मंत्री सोमेंद्र तोमर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के बीच जोरदार स्वागत किया। टोल प्लाजा पर कार्यकर्ताओं की भीड़ से माहौल पूरी तरह उत्साहपूर्ण नजर आया।
मेरठ दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से बड़ी संख्या में महिला और पुरुष कार्यकर्ता स्वागत कार्यक्रम में पहुंचे। कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम स्थल तक लाने के लिए 35 बुलडोजर , छह हाइड्रा, 150 ट्रैक्टर और 18 बसों की व्यवस्था की गई थी। सुबह से ही कार्यकर्ताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। वाहनों के काफिले और कार्यकर्ताओं की भीड़ के कारण काशी टोल प्लाजा पर भाजपा का बड़ा जमावड़ा दिखाई दिया।
नितिन नवीन और पंकज चौधरी एक ही कार से काशी टोल प्लाजा पहुंचे। जैसे ही दोनों नेता कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। ढोल-नगाड़ों के बीच दोनों नेताओं पर फूल बरसाए गए। कार्यकर्ताओं ने हाथों में भाजपा के झंडे लेकर उनका अभिनंदन किया। स्वागत कार्यक्रम को खास बनाने के लिए नागिन और तुंगा टीम ने डांस की प्रस्तुति भी दी।
कार्यक्रम के दौरान मंच के दोनों ओर हाइड्रा खड़े किए गए थे। हाइड्रा के जरिए नितिन नवीन को फूलों की बड़ी माला पहनाकर स्वागत किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में फोटो और वीडियो बनाने की भी होड़ रही। स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय भाजपा नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं के लिए काशी टोल प्लाजा पर पूड़ी-सब्जी की व्यवस्था भी की गई थी। दोनों नेताओं के रवाना होने के बाद कार्यकर्ताओं ने भोजन किया। कार्यक्रम में मेयर हरिकांत अहलूवालिया, सरोजनी अग्रवाल, गन्ना समिति अध्यक्ष दीपक राणा, मोहिउद्दीनपुर ग्राम प्रधान विजय नामदेव, ललित प्रमुख, पूर्व ब्लॉक प्रमुख नितिन कसाना, नवीन नेहरा, आदित्य शर्मा उर्फ चीनू और काशी टोल प्लाजा के प्रोजेक्ट हेड अनिल शर्मा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मूल लिंक: https://www.bhaskar.com/local/uttar-pradesh/meerut/itayara/news/meerut-bjp-shakti-pradarsh
यदि आप इस सामग्री के प्रकाशक हैं और इसे यहाँ नहीं रखना चाहते, info@banaraslive.com पर लिखें।
यह भी पढ़ें
वाराणसी एयर शो: चंदौली के गंगा घाटों पर तेज हुई तैयारियां, PWD को 72 घंटे में काम पूरा करने का अल्टीमेटम
काशी में तीन घंटे का एयर शो: 21 को एक साथ 20 से ज्यादा विमान करेंगे अभ्यास, नमो घाट पर रहेगा प्रतिबंध; निगरानी
काशी से आए पंडित करा रहे मां दुर्गा की आरती: गंगा आरती की तर्ज पर हो रही पूजा, भाग लेने आ रोज आ रहे हजारों ...