सोमवार, 19 अक्टूबर 2026 𝕏 फ़ीड RSS स्रोत नीति English
बनारसLive LIVE
काशी और पूर्वांचल की खबरें
English
वाराणसी

मिड-डे मील के साथ मिलेगा सूजी का हलवा और उपमा, वाराणसी में 1.80 लाख बच्चों का पोषण सुधारने की पहल

मिड-डे मील के साथ मिलेगा सूजी का हलवा और उपमा, वाराणसी में 1.80 लाख बच्चों का पोषण सुधारने की पहल
तस्वीर: Jagran

जागरण संवाददाता, वाराणसी। जिले के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को मध्याह्न भोजन के अतिरिक्त सप्लीमेंट्री न्यूट्रिशन (पूरक पोषण) के रूप में सूजी से बना मीठा हलवा और उपमा (नमकीन हलवा) परोसा जाएगा। शासन के इस निर्देश से वाराणसी के लगभग 1.80 लाख विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा।

बेसिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत इस संबंध में आदेश वाराणसी समेत प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को जारी कर दिया है। आदेश के क्रम में मंडलीय सहायक निदेशक बेसिक ने वाराणसी, जौनपुर, चंदौली और गाजीपुर के बेसिक शिक्षा अधिकारियों से विस्तृत कार्ययोजना मांगी है।

योजना के तहत बच्चों को हफ्ते के दिनों में और साप्ताहिक चक्र के अनुसार पौष्टिक व्यंजन उपलब्ध कराए जाएंगे। मीठा हलवा महीने के पहले एवं तीसरे सप्ताह में वितरित किया जाएगा, जबकि उपमा महीने के दूसरे, चौथे और पांचवें सप्ताह में मिलेगा। बीएसए भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मध्यावकाश के दौरान प्रत्येक छात्र को न्यूनतम 30 ग्राम सूजी व अन्य पौष्टिक सामग्रियों से तैयार व्यंजन दिया जाएगा।

मीठा हलवा (प्रति छात्र) बनाने में 30 ग्राम सूजी, पांच ग्राम तेल, 22 ग्राम चीनी, पांच ग्राम घिसा हुआ नारियल और ईंधन आदि का उपयोग होगा। उपमा (प्रति छात्र) तैयार करने मेें 30 ग्राम सूजी, दो ग्राम तेल, 20 ग्राम मौसमी सब्जियां, छह ग्राम मूंगफली, मसाले, नमक और ईंधन शामिल किए जाएंगे।

स्रोत: यह सामग्री Jagran द्वारा प्रकाशित की गई थी — पूरा श्रेय मूल प्रकाशक का है।
मूल लिंक: https://www.jagran.com/uttar-pradesh/varanasi-city-varanasi-mid-day-meal-halwa-and-upma-fo
यदि आप इस सामग्री के प्रकाशक हैं और इसे यहाँ नहीं रखना चाहते, info@banaraslive.com पर लिखें।

यह भी पढ़ें