वाराणसी एयर शो की तैयारी पूरी, 25 अक्टूबर को आएंगे PM मोदी, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
वाराणसी में होने जा रहे 3 दिवसीय ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं. इस दौरान भारतीय वायु सेना के करीब 100 विमान अपने हवाई करतब दिखाएंगे. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है. इसे देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन ने सुरक्षा से लेकर भीड़ नियंत्रण तक के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं. पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के मुताबिक, पूरे जनपद को 30 जोन और 50 से ज्यादा सेक्टर में बांटा गया है. सुरक्षा व्यवस्था के लिए 11,500 से अधिक जवान तैनात रहेंगे.
वाराणसी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को होने वाले एयर शो के दौरान करीब 50 लाख लोगों की भीड़ जुटने का अनुमान है. इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है. पूरे आयोजन पर नजर रखने के लिए 200 सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जाएगी. इसके अलावा शहर और घाटों के आसपास व्यवस्था बनाए रखने के लिए नए पुलिस थाने और अस्थायी व्यवस्थाएं भी तैयार की जा रही हैं.
'देश को कमजोर करने की कोशिश करने वालों के अंदर रावण', दशहरा कार्यक्रम में बोले CM योगी
पुलिस का प्रयास है कि लोग आसानी से घाटों तक पहुंच सकें और कार्यक्रम देखने के बाद सुरक्षित तरीके से वापस लौट सकें. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी.
25 अक्टूबर को वाराणसी पहुंचेंगे पीएम मोदी
एयर शो के आखिरी दिन यानी 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वाराणसी पहुंचेंगे. वह दोपहर करीब एक बजे कार्यक्रम में शामिल होंगे. उनके साथ भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे. प्रधानमंत्री पुलिस लाइन से सीधे नमो घाट पहुंचेंगे, जहां से वह वायु सेना का हवाई प्रदर्शन देखेंगे. प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और आवाजाही पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
प्रशासन के मुताबिक, एयर शो देखने के लिए लोगों के घाटों पर पहुंचने का समय सुबह 10 बजे रखा गया है. कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे होगी और दोपहर करीब 1:30 बजे इसका समापन होगा. हर दिन लगभग डेढ़ घंटे का हवाई प्रदर्शन निर्धारित है. कार्यक्रम के दौरान बीच में करीब आधे घंटे का ब्रेक भी रहेगा.
लोग गंगा के घाटों के दोनों तरफ से एयर शो देख सकेंगे. प्रशासन ने अपील की है कि लोग धैर्य बनाए रखें और पुलिस की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो.
जर्जर मकानों की छतों पर भीड़ जुटाने से बचें- पुलिस
एयर शो को लेकर जिला प्रशासन ने शहर के पुराने और जर्जर मकानों के लिए भी खास एडवाइजरी जारी की है. वाराणसी के कई इलाकों में घनी आबादी के बीच पुराने और ऊंचे मकान हैं. ऐसे में हवाई प्रदर्शन देखने के लिए इनकी छतों पर बड़ी संख्या में लोगों के जमा होने से हादसे का खतरा हो सकता है.
प्रशासन ने लोगों से कहा है कि जर्जर मकानों की छतों पर भीड़ इकट्ठा न करें और अपने परिवार के सदस्यों को भी सावधान रखें. इस व्यवस्था पर नजर रखने के लिए टीमें भी तैनात की जाएंगी.
घाटों पर मेडिकल और आपातकालीन सुविधाएं
आयोजन के दौरान लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए गंगा घाटों के दोनों तरफ जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है. मेडिकल सहायता के साथ आपातकालीन इंतजाम भी सुनिश्चित किए जा रहे हैं.
शिवा हत्याकांड: 'मैं बेगुनाह हूं', गिरफ्तारी के बाद पुलिस से बोली आरोपी श्रद्धा दुबे
इससे पहले वाराणसी में वायु सेना के अधिकारियों, जिला प्रशासन और पुलिस कमिश्नरेट ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी दी. शहर में एयर शो का ग्रैंड रिहर्सल भी जारी है.
लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों की आवाज से लोग अभी से रोमांचित हैं. प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा और लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है.
मूल लिंक: https://www.abplive.com/states/up-uk/varanasi-wings-over-ganga-air-show-preparations-compl
यदि आप इस सामग्री के प्रकाशक हैं और इसे यहाँ नहीं रखना चाहते, info@banaraslive.com पर लिखें।
यह भी पढ़ें
वाराणसी में मौसम का रुख हो चला बेहतर, कोहरा समय से छंटा तो एयरशो का दिखेगा शानदार नजारा
वाराणसी के बड़ी गैबी में गांव की थीम पर सजा: शानदार सजावट और इलेक्ट्रिक शो बना आकर्षण का केंद्र, देखने उमड़...
वाराणसी में एयर शो के दौरान कोहरा या बादल दर्शकों को कर सकते हैं निराश, कैसा रह सकता है मौसम का मिजाज?