गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026 𝕏 फ़ीड RSS स्रोत नीति English
बनारसLive LIVE
काशी और पूर्वांचल की खबरें
English
धर्म-आस्था

वाराणसी में 3 दिन का एयर शो: विंग्स ओवर गंगा में 22, 24 और 25 अक्टूबर को दिखेगा वायुसेना का शौर्य; 20 लाख ल...

वाराणसी में 3 दिन का एयर शो: विंग्स ओवर गंगा में 22, 24 और 25 अक्टूबर को दिखेगा वायुसेना का शौर्य; 20 लाख ल...
तस्वीर: Dainik Bhaskar

भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर वाराणसी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो आयोजित होगा। आयोजन में 15 से 20 लाख दर्शकों के पहुंचने का अनुमान है। इसे देखते हुए सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। करीब 11,900 पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ 79 अस्थायी पुलिस थाने बनाए गए हैं। आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 3 ग्रीन कॉरिडोर, 100 एंबुलेंस और 8 अस्थायी अस्पतालों की व्यवस्था की गई है। आयोजन के अंतिम दिन 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई गणमान्य लोगों का आगमन प्रस्तावित है। आसमान में वायुसेना के विमान अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे, जबकि जमीन पर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां भीड़ नियंत्रण, यातायात और सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगी।

शहर को जोन और सेक्टर में बांटा, 4 ट्रैफिक प्लान तैयार

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के मुताबिक, एयर शो के लिए काशी को जोन, सेक्टर और सब-सेक्टर में बांटा गया है। यातायात व्यवस्था को आंतरिक और बाहरी हिस्सों में विभाजित किया गया है। भीड़ और परिस्थितियों के अनुसार 4 अलग-अलग ट्रैफिक प्लान लागू किए जाएंगे। रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, एयरपोर्ट और प्रमुख रास्तों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। शहर के भीतर आने वाले दर्शकों के लिए गंगा के इस पार पार्किंग और दर्शक स्थलों की व्यवस्था की गई है। बाहरी जिलों से आने वाले लोगों के लिए रामनगर-पड़ाव क्षेत्र में पार्किंग और आवागमन की व्यवस्था रहेगी। पार्किंग स्थलों, प्रमुख मार्गों और प्रवेश बिंदुओं पर पुलिसकर्मी लोगों को रास्ता बताएंगे, ताकि जाम और अनावश्यक भीड़ से बचा जा सके।

घाटों पर डबल बैरिकेडिंग, 25 वॉच टावर से निगरानी

गंगा घाटों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए डबल बैरिकेडिंग की गई है। प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग एकल मार्ग बनाए गए हैं। घाटों और प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे, 25 वॉच टावर और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए निगरानी होगी। प्रवेश बिंदुओं पर डोर फ्रेम और हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी। डुमरी से सत्ती घाट और आदि केशव से दशाश्वमेध घाट तक करीब 5.5-5.5 किलोमीटर के हिस्से में डबल बैरिकेडिंग की गई है। नमो घाट से सामने घाट तक और प्रमुख संपर्क मार्गों व गलियों में साइनेज बोर्ड लगाए गए हैं, ताकि दूसरे जिलों से आने वाले दर्शकों को रास्ता तलाशने में परेशानी न हो।

गंगा में नावों पर प्रतिबंध, एनडीआरएफ-एसडीआरएफ तैनात

एयर शो के दौरान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक गंगा में निजी नावों के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। घाटों और नदी क्षेत्र में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पीएसी की बाढ़ राहत कंपनियों और जल पुलिस की तैनाती होगी। स्थानीय गोताखोरों को भी बचाव कार्य के लिए तैयार रखा जाएगा। घाटों पर 2 वाटर एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिए एंटी-ड्रोन सिस्टम और अन्य निगरानी टीमों को भी सक्रिय रखा जाएगा। गंगा घाटों के दोनों ओर 5 किलोमीटर के दायरे में ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध रहेगा। अनधिकृत ड्रोन उड़ाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साइबर सुरक्षा टीम भी सतर्क रहेगी।

आपात स्थिति में अस्पताल पहुंचाने के लिए 3 ग्रीन कॉरिडोर

एयर शो के दौरान यातायात के दबाव के बीच आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं प्रभावित न हों, इसके लिए 3 ग्रीन कॉरिडोर बनाए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी एनपी सिंह के मुताबिक, बीएचयू स्थित सर सुंदरलाल अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर, शिवप्रसाद गुप्त मंडलीय अस्पताल तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल समेत प्रमुख सरकारी और निजी अस्पतालों को चिह्नित किया गया है। आयोजन के दौरान 100 एंबुलेंस और 8 अस्थायी अस्पतालों की व्यवस्था भी की गई है। भीड़ की निकासी, वीवीआईपी आवागमन और आपात स्थिति से निपटने के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। पार्किंग और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पेयजल, शौचालय और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी तैयारी है।

दर्शकों से शिष्ट व्यवहार करेंगे पुलिसकर्मी

पुलिस आयुक्त के मुताबिक, एयर शो के दौरान दर्शकों की सहायता के लिए पुलिसकर्मियों को सॉफ्ट स्किल का प्रशिक्षण दिया गया है। उन्हें लोगों से विनम्रता से बात करने, ‘सर’ और ‘मैडम’ कहकर संबोधित करने और बिना छुए सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस के अलावा पीएसी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, बम निरोधक दस्ता और एटीएस समेत अन्य टीमें भी तैनात रहेंगी। सुरक्षा एजेंसियों का फोकस आयोजन स्थल तक दर्शकों की सुरक्षित पहुंच, कार्यक्रम के दौरान भीड़ नियंत्रण और शो खत्म होने के बाद लोगों की व्यवस्थित निकासी पर रहेगा।

स्रोत: यह सामग्री Dainik Bhaskar द्वारा प्रकाशित की गई थी — पूरा श्रेय मूल प्रकाशक का है।
मूल लिंक: https://www.bhaskar.com/up-khaas/news/wings-over-ganga-air-show-varanasi-pm-modi-yogi-adit
यदि आप इस सामग्री के प्रकाशक हैं और इसे यहाँ नहीं रखना चाहते, info@banaraslive.com पर लिखें।

यह भी पढ़ें