वाराणसी में बनेगा शानदार डबल डेकर रेल रोड सिग्नेचर ब्रिज, ऊपर 6 लेन की सड़क-नीचे 4 लेन का रेलवे ट्रैक, पीएम मोदी कल लेंगे जायजा
वाराणसी:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर को वाराणसी दौरे में हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. नमो घाट पर विंग्स ऑफ गंगा की थीम पर एयर शो के आखिरी दिन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि रहेंगे, जहां गंगा के ऊपर आसमान में विमानों की कलाबाजी देखने को मिलेगी. भारतीय वायु सेना के हवाई अभ्यास में राफेल, तेजस, सुखोई जैसे फाइटर जेट और सूर्य किरण-सारंग जैसे हेलीकॉप्टर हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे. वो रेलवे के डबल डेकर ब्रिज, रोपवे और काशी रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यक्रम का जायजा भी लेंगे. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना जैसे बड़े नेता आयोजन में शरीक होंगे. एसपीजी टीम ने नमो घाट से मिर्जामुराद तक सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली है.
गंगा नदी पर सिग्नेचर रेल सड़क डबल डेकर ब्रिज
वाराणसी में गंगा नदी पर नया सिग्नेचर रेल सड़क डबल डेकर ब्रिज बन रहा है. 2642 करोड़ के खर्च का ये मेगा प्रोजेक्ट 139 साल पुराने मालवीय ब्रिज (डफरिन ब्रिज) की जगह लेगा. इसके निचले तल में निचले हिस्से में 4 रेलवे ट्रैक बिछाए जाएंगे. यह भारत का पहला ऐसा पुल होगा, जिसके एक डेक पर एक साथ 4 रेल लाइनें होंगी. ऊपरी हिस्से में 6 लेन की चौड़ी सड़क, हाईवे होगी,जिस पर भारी और हल्के वाहन दौड़ेंगे. यह नया पुल काशी रेलवे स्टेशन के नजदीक मालवीय पुल से करीब 50 मीटर दूर बनाया जा रहा है, जो एक किमी से भी लंबा है. इस सिग्नेजर ब्रिज में ओपन वेब स्टील गर्डर तकनीक का इस्तेमाल हुआ है. इससे ये पुल 150 साल तक नहीं हिलेगा. उत्तर रेलवे के लिए इस पुल को चार साल में पूरा किया जाएगा.
139 साल पुराना मालवीय ब्रिज बनेगा इतिहास
अवध एवं रोहिलखंड रेलवे ने गंगा पर 1887 में मालवीय ब्रिज बनाया था, जिसे डफरिन ब्रिज भी कहते हैं. पुराना पुल सिर्फ 2 रेल लाइन और 2 लेन रोड को संभालता है.लेकिन पुराने पुल पर ट्रेनों की रफ्तार बेहद धीमी रखने के साथ भारी वाहनों की आवाजाही पर पाबंदी है. वाराणसी जंक्शन और पंडित दीनदयाल उपाध्याय (DDU, मुगलसराय) जंक्शन के बीच गंगा नदी पर यह सबसे बिजी रेल कॉरिडोर में एक है. नया पुल बनने से ट्रेनों के आउटर पर ठहरने से घंटों की देरी की परेशानी दूर हो जाएगी.
दिल्ली-हावड़ा रूट को हाईस्पीड कनेक्टिविटी
यह पुल वाराणसी और चंदौली जिले को सीधे जोड़ेगा. जीटी रोड और नेशनल हाईवे का ट्रैफिक बिना शहर में प्रवेश किए सीधे बाहर से ही निकल जाएगा. इस नए रेल कॉरिडोर से सालाना लगभग 8 करोड़ लीटर डीजल बचेगा. सरकारी खजाने को कम से कम 638 करोड़ सालाना बचत होगी.निर्माण में लगभग 10 लाख मानव दिवस का प्रत्यक्ष रोजगार पैदा होंगे. काशी विश्वनाथ मंदिर, नमो घाट और सारनाथ के श्रद्धालुओं और पर्यटकों को जाम से राहत मिलेगी.
मिर्जामुराद में अरविंद मिल्स की फैक्ट्री का उद्घाटन
मिर्जामुराद में अरविंद मिल्स की फैक्ट्री का उद्घाटन भी करेंगे. पीएम मोदी सेवापुरी विधानसभा के मिर्जामुराद में अरविंद मिल्स की यूपी में पहली टेक्सटाइल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का उद्घाटन करेंगे. यह नया प्लांट पूर्वांचल के कपड़ा कारखाने, हथकरघा उद्योग के लिए वरदान साबित होगा. यहां हजारों युवाओं को रोजगार भी मिलेगा.पीएम मोदी काशी रेलवे स्टेशन के पुनरोद्धार और अर्बन रोपवे के निर्माण कार्य की प्रगति का भी जायजा लेंगे. बुजुर्गों की देखभाल के लिए बने नेशनल सेंटर ऑफ एजिंग का लोकार्पण करेंगे. काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के चिकित्सा विज्ञान संस्थान परिसर में देश का एक अनोखा वृद्धावस्था अनुसंधान केंद्र है. इस केंद्र में 200 बेड की क्षमता है.यह देश के बुजुर्गों के लिए वर्ल्ड क्लास चिकित्सा केंद्र का काम करेगा.
मूल लिंक: https://ndtv.in/india/northern-railway-signature-rail-cum-road-double-decker-bridge-over-g
यदि आप इस सामग्री के प्रकाशक हैं और इसे यहाँ नहीं रखना चाहते, info@banaraslive.com पर लिखें।
यह भी पढ़ें
वाराणसी-नई दिल्ली के बीच चलेगी देश की दूसरी स्लीपर वंदेभारत, रूट तय, इन स्टेशनों पर ठहराव