वाराणसी में राफेल की गर्जना से गूंजा नमो घाट, गंगा के ऊपर 20 लड़ाकू विमानों ने दिखाए करतब
वाराणसी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में बुधवार 21 अक्टूबर को एयर शो का ग्रैंड रिहर्सल हुआ. नमो घाट पर राफेल और सुखोई समेत करीब 20 लड़ाकू विमानों ने आसमान में करतब दिखाए. राफेल की गर्जना से पूरा घाट गूंज उठा. लड़ाकू विमानों ने गंगा नदी के ऊपर बेहद नीचे उड़ान भरी. इसे लो-लेवल फ्लाईपास्ट कहा जाता है. इस नजारे को देखकर घाट पर मौजूद लोग रोमांचित हो उठे. एयर शो के दौरान हेलिकॉप्टर से कमांडोज के उतरने और वापस लौटने का प्रदर्शन भी किया गया.
इसे भी पढ़ें- राजा भैया के पास कितने हथियार? दशहरे पर 500 लाइसेंसी असलहों की पूजा, बयान से बढ़ी चर्चा
सूर्य किरण टीम के प्रदर्शन से हुई शुरुआत
एयर शो की शुरुआत सूर्य किरण एरोबेटिक टीम के प्रदर्शन से हुई. इसके बाद राफेल और सुखोई जैसे लड़ाकू विमानों ने आसमान में अपनी ताकत दिखाई. विमानों ने गंगा के ऊपर कम ऊंचाई पर उड़ान भरी. उनकी तेज आवाज से नमो घाट का इलाका गूंज उठा. दर्शकों ने इस प्रदर्शन को उत्सुकता से देखा.
क्रूज पर हेलिकॉप्टर से उतरे कमांडो
रिहर्सल के दौरान सुरक्षा बलों ने विशेष ऑपरेशन का प्रदर्शन भी किया. हेलिकॉप्टर से कमांडोज नमो घाट पर खड़े क्रूज पर उतरे. नीचे उतरते ही कमांडो एक्शन में आ गए. उन्होंने तेजी से अपनी सारी गतिविधियां पूरी कीं. इसके बाद रस्सी के सहारे हेलिकॉप्टर पर चढ़कर वापस लौट गए. इस प्रदर्शन ने दर्शकों का ध्यान खींचा.
तीन स्तर की जांच के बाद मिली एंट्री
एयर शो को देखते हुए नमो घाट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए. पूरे परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जा रही है. दर्शकों को तीन स्तर की जांच के बाद प्रवेश दिया गया. भारतीय वायुसेना की ओर से लड़ाकू विमानों की उड़ान और उनके प्रदर्शन से जुड़ी जानकारी भी दी गई.
इसे भी पढ़ें- यूपी के वोटरों को कब मिलेगा EPIC कार्ड? चुनाव आयोग ने बताई तारीख, देरी की वजह भी बताई
22, 23 और 25 अक्टूबर को होगा एयर शो
भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना वर्ष के अवसर पर वाराणसी में यह एयर शो आयोजित किया जा रहा है. कार्यक्रम 22, 23 और 25 अक्टूबर को होना है. 25 अक्टूबर के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी पहुंचने की जानकारी दी गई है. इस आयोजन के जरिए वायुसेना अपनी ताकत, तकनीक और हवाई कौशल का प्रदर्शन करेगी. रिहर्सल के बाद अब लोगों की नजर मुख्य एयर शो पर है.
मूल लिंक: https://lalluram.com/varanasi-air-show-rehearsal-rafale-sukhoi-namo-ghat/
यदि आप इस सामग्री के प्रकाशक हैं और इसे यहाँ नहीं रखना चाहते, info@banaraslive.com पर लिखें।
यह भी पढ़ें
काशी की गंगा के ऊपर गरजे सुखोई, तेजस और जगुआर; एयर शो के लिए ग्रैंड रिहर्सल
गंगा के आसमान में गूंजा वायुसेना की गरज का रोमांच! वाराणसी में एयर शो के रिहर्सल से नमो घाट पर उमड़ा जनसैलाब
वाराणसी: 64 दिनों बाद दशाश्वमेध घाट पर अपने मूल स्थान पर शुरू हुई भव्य गंगा आरती