विश्वनाथ धाम मार्ग का चमकेगा हेरिटेज लुक, 69.21 करोड़ का निगम
वाराणसी1 दिन पहले
वाराणसी में मैदागिन और सरनाथ में बनेगा बनारसी स्ट्रीट फूड हब। MoU साइन।
सरकार और स्थानीय प्रशासन बनारस की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को सहेजते हुए इसे आधुनिक बना रहा है। इसी क्रम में भारत पेट्रोलियम निगम लिमिटेड (बीपीसीएल) ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) मद से वाराणसी में 69.21 करोड़ रुपये से अधिक की दो महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के लिए MoU पर हस्ताक्षर किए हैं।
इस MoU से मैदागिन और सारनाथ को बनारसी फूड का हब बनाया जाएगा।
इसके अलावा ठठेरी हेरिटेज गली से काल भैरव मंदिर और गोदौलिया और मैदागिन मार्ग की हेरिटेज विरासत को संवारा जाएगा। इस योजना के तहत 48 करोड़ रुपये से 119 पार्कों का जीर्णोद्धार किया जाएगा और सारनाथ व मैदागिन में 2 आधुनिक फूड स्ट्रीट हब भी संवारे जाएंगे।
दो MoU महापौर की मौजूदगी में हुए साइन
महापौर अशोक तिवारी ने बताया - नगर निगम ने आज विकास और काशी की विरासत को संवारें के लिए एक कदम आगे बढ़ाया है। ताज होटल में आयोजित एक समरोह में MoU साइन हुआ। जिसमें पहले एमओयू के तहत बीपीसीएल 48 करोड़ रुपये का सीएसआर योगदान देगा।
इसके माध्यम से वाराणसी के 119 सार्वजनिक उद्यानों का पुनर्विकास व सौंदर्यीकरण किया जाएगा, जिसमें लैंडस्केपिंग, पैदल मार्ग (वॉकिंग पाथवे), ओपन जिम, बच्चों के खेल उपकरण, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था और बागवानी जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
सारनाथ और मैदागिन में बनेगा स्ट्रीट फूड हब
उन्होंने बताया - इसी परियोजना के अंतर्गत सारनाथ और मैदागिन में व्यवस्थित वेंडिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, जल व स्वच्छता, सीसीटीवी निगरानी, सौर प्रकाश व्यवस्था और उन्नत आगंतुक सुविधाओं से युक्त दो आधुनिक फूड स्ट्रीट हब विकसित किए जाएंगे।
यह परियोजना बीपीसीएल, काशी इंटीग्रेटेड पार्किंग एंड रिक्रिएशनल फाउंडेशन (केआईपीआरएफ) और वाराणसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड (वीएससीएल) की संयुक्त साझेदारी से होगी।
VDA संवारेगा गलियों का हेरिटेज लुक
दूसरी ओर वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) के साथ 21.21 करोड़ रुपये के दूसरे एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इसके तहत शहर के प्रमुख ऐतिहासिक मार्गों का कायाकल्प होगा। ठठेरी हेरिटेज गली से काल भैरव मंदिर तक का विरासत गलियारा संवारा जाएगा। गोदौलिया चौराहा से मैदागिन चौराहा तक सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
मणिकर्णिका घाट पर मणिकर्णिकेश्वर मंदिर की ओर जाने वाली गली का पुनर्विकास किया जाएगा। इन कार्यों में विरासत के अनुकूल सड़क निर्माण, पत्थरों की पक्की सड़क, अग्रभाग का नवीनीकरण, हेरिटेज लाइट, साइनबोर्ड, स्ट्रीट फर्नीचर, भित्ति चित्र (म्यूरल), सार्वजनिक कला और पैदल यात्रियों के अनुकूल बुनियादी ढांचा तैयार किया जाएगा।
स्थानीय रोजगार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
महापौर ने बताया - 36 महीने की अवधि में पूर्ण होने वाली इन परियोजनाओं से वाराणसी की नागरिक सुविधाओं, शहरी सौंदर्य, पर्यावरण स्थिरता और विरासत पर्यटन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इससे स्थानीय निवासियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलने के साथ-साथ स्थानीय विक्रेताओं के लिए आजीविका के नए अवसर पैदा होंगे।
मूल लिंक: https://www.bhaskar.com/g/local/uttar-pradesh/varanasi/news/varanasi-heritage-corridor-foo
यदि आप इस सामग्री के प्रकाशक हैं और इसे यहाँ नहीं रखना चाहते, info@banaraslive.com पर लिखें।
यह भी पढ़ें
बदल रही काशी की तस्वीर: सारनाथ-मैदागिन में बनेंगे फूड स्ट्रीट हब, संवरेंगे 119 पार्क; रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
वाराणसी से शुरू होगा प्रदेशव्यापी 'राष्ट्रीय पोषण माह', आज सीएम योगी करेंगे उद्घाटन
वाराणसी में सीवर और बरसाती पानी के जमाव से आजिज लोगों ने विधायक संग जीएम को बैठाया