31 अक्टूबर को वाराणसी और कानपुर को मिलेगी सौगात, साबरमती और आनंद विहार के चलेगी सुपरफास्ट ट्रेन
दिवाली-छठ पूजा के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और आम दिनों की यात्रा को सुगम बनाने के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है. रेलवे प्रशासन 31 अक्टूबर 2026 से एक साथ 5 नई ट्रेनों का परिचालन शुरू करने जा रहा है. इन नई ट्रेनों में सेमी-हाई-स्पीड तकनीक से लैस वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस, आम यात्रियों के लिए किफायती अमृत भारत एक्सप्रेस और दो प्रमुख रूटों पर सुपरफास्ट/मेल ट्रेनें शामिल हैं. वहीं दो सुपरफास्ट ट्रेन में वाराणसी-साबरमती और कानपुर-आनंद विहार शामिल है.
ट्रेन नंबर 12206/12205 वाराणसी - साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस
रेल मंत्रालय ने पूर्वांचल और गुजरात के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए वाराणसी और अहमदाबाद के साबरमती के बीच एक नई रोजाना सुपरफास्ट एक्सप्रेस शुरू करने की मंजूरी दी है. अब इस ट्रेन को 31 अक्टूबर को हरी झंडी दिखाई जाएगी. 22 आधुनिक कोचों से लैस यह ट्रेन राजस्थान के रास्ते संचालित होगी और मिर्जापुर, कानपुर सेंट्रल, आगरा, जयपुर और अजमेर जैसे प्रमुख शहरों को जोड़ेगी. इससे त्योहारों में गुजरात और राजस्थान में रहने वाले यूपी-बिहार के यात्रियों को सीधी और आरामदायक रेल सेवा मिलेगी.
ट्रेन नंबर 12206 वाराणसी - साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन वाराणसी जंक्शन से शाम 5:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 8:15 बजे साबरमती स्टेशन पहुंचेगी. वहीं ट्रेन नंबर 12205 साबरमती - वाराणसी ट्रेन वापसी में साबरमती स्टेशन से सुबह 5:20 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6:30 बजे वाराणसी जंक्शन पहुंचेगी.
ट्रेन नंबर 14153/14154 कानपुर सेंट्रल - आनंद विहार मेल
दिल्ली और कानपुर के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए रोजाना ओवरनाइट मेल ट्रेन का परिचालन शुरू किया जा रहा है, जो 428 किलोमीटर का सफर तय करेगी. इस ट्रेन को भी 31 अक्टूबर को हरी झंडी दिखाई जाएगी. ट्रेन नंबर 14153 कानपुर सेंट्रल से रात 08:40 बजे रवाना होगी और 8 घंटे 10 मिनट की यात्रा के बाद तड़के सुबह 04:50 बजे आनंद विहार दिल्ली पहुंचेगी. वहीं ट्रेन नंबर 14154 आनंद विहार से रात 11:25 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 07:25 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी. यह ट्रेन फफूंद, इटावा, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद जैसे स्टेशनों पर रुकते हुए जाएगी.
31 अक्टूबर से शुरू हो रहे ट्रेन परिचालन नेटवर्क में अत्याधुनिक वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस और साधारण वर्ग के यात्रियों के लिए अमृत भारत एक्सप्रेस जैसी प्रीमियम ट्रेनें भी शामिल हैं, जिनका विस्तृत रूट और आधिकारिक टाइम-टेबल रेलवे बोर्ड द्वारा 31 अक्टूबर को उद्घाटन के साथ जारी किया जाएगा.
रेलवे प्रशासन के इस फैसले से त्योहारी सीजन में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान और गुजरात के बीच सफर करने वाले लाखों यात्रियों को कंफर्म सीट पाने और भीड़भाड़ से बचने में काफी मदद मिलेगी.
यह भी पढ़ें | पंजाब से बिहार और बंगाल के लिए चलेगी 5 स्पेशल ट्रेन, सहरसा-दरभंगा-गया-कोलकाता होगा रूट, देंखें पूरा शेड्यूल
मूल लिंक: https://ndtv.in/utility-news/indian-railway-inaugrate-vande-bharat-and-2-superfast-express
यदि आप इस सामग्री के प्रकाशक हैं और इसे यहाँ नहीं रखना चाहते, info@banaraslive.com पर लिखें।
यह भी पढ़ें
अब बिना झंझट घूमिए बनारस, शुरू हुई नई सुविधा, ₹15 में साइकिल और ₹30 में मिलेगी ई-साइकिल, इन 8 जगहों पर बने ...
आसान हुआ सफर: काशी से दिल्ली के बीच आज से दौड़ेगी स्लीपर वंदे भारत ट्रेन, पहले ही दिन दीपावली तक की सीटें फुल
वाराणसी में बोले भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा - 'एसआइआर नहीं कांग्रेस अपने कर्मों के कारण हारी'