95 रुपए में महीनेभर वाराणसी से राजातालाब तक सफर: 220 रुपए में वाराणसी से प्रयागराज, सीएम बोले-इतना तो चाय म...
वाराणसी1 दिन पहले
वाराणसी से राजातालाब तक महीने भर ट्रेन से सफर करने के लिए सिर्फ 95 रुपए खर्च करने होंगे। वहीं, वाराणसी से प्रयागराज के बीच महीनेभर यात्रा का पास 220 रुपए में बनेगा। वाराणसी में वंदे भारत स्लीपर के साथ ही 2 मेमू ट्रेनों का भी उद्घाटन किया गया। जिसमें रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा दोनों ट्रेनों के किराए की भी घोषणा की।
रेलमंत्री ने कहा कि बनारस में शुरू हुई नई मेमू सेवाओं के साथ रेलवे ने मासिक पास की यह सुविधा भी उपलब्ध कराई है। इससे रोजाना पढ़ाई, नौकरी, कारोबार और दूसरे कामों के लिए यात्रा करने वाले लोगों को फायदा होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उद्घाटन समारोह में कहा कि जितना खर्च लोग एक दिन में चाय-पान पर कर देते हैं, उतने में महीने भर की यात्रा की सुविधा मिल रही है।
95 रुपए में महीनेभर राजातालाब तक का सफर
वाराणसी सिटी से राजातालाब के बीच शुरू हुई मेमू सेवा में महीनेभर यात्रा के लिए 95 रुपए का पास उपलब्ध होगा। इस रूट पर ट्रेन वाराणसी सिटी से चलकर वाराणसी जंक्शन, बनारस, भुल्लनपुर और हरदत्तपुर होते हुए राजातालाब पहुंचेगी। इससे शहर के पश्चिमी हिस्से से रोजाना वाराणसी आने-जाने वाले कर्मचारियों, विद्यार्थियों और कारोबारियों को कम खर्च में यात्रा करने का विकल्प मिलेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बनारस का विस्तार तेजी से हो रहा है। शहर के एक छोर से दूसरे छोर तक पहुंचने में लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसी को देखते हुए वाराणसी सिटी से राजातालाब तक मेमू सेवा शुरू की गई है।
220 रुपए में महीनेभर वाराणसी से प्रयागराज
वाराणसी से प्रयागराज के बीच महीनेभर यात्रा के लिए 220 रुपए का पास बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों शहरों के बीच बड़ी संख्या में छात्र, व्यापारी और दूसरे लोग रोजाना यात्रा करते हैं। ऐसे यात्रियों को अब कम खर्च में आने-जाने की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि एक दिन में व्यक्ति चाय-पान और दूसरी छोटी जरूरतों पर जितना खर्च कर देता है, उतने में महीनेभर की यात्रा की सुविधा मिलना बड़ी बात है।
छोटे व्यापारियों और युवाओं को मिलेगी सुविधा : रेल मंत्री
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच के अनुरूप बनारस में मेमू सेवाओं की शुरुआत की गई है। इन सेवाओं से बनारस सिटी, वाराणसी कैंट, बनारस स्टेशन, भुल्लनपुर और राजातालाब सहित शहर के अलग-अलग हिस्सों को जोड़ने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यह सुविधा बनारस के युवाओं, छोटे व्यापारियों, छात्र-छात्राओं और दूर-दराज से आने वाले यात्रियों के लिए उपयोगी होगी। इसके साथ ही प्रयागराज से जुड़ने वाली ट्रेन सेवा दो धार्मिक और सांस्कृतिक नगरियों के बीच आवागमन आसान बनाएगी।
महीनेभर के पास से कम होगा रोजाना यात्रा का खर्च
नई मेमू सेवाओं में मासिक पास की सुविधा मिलने से नियमित यात्रियों को हर दिन टिकट खरीदने की जरूरत नहीं होगी। खासकर नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और रोजाना कारोबार के सिलसिले में आने-जाने वालों के लिए यह कम खर्च वाला विकल्प हो सकता है।
मूल लिंक: https://www.bhaskar.com/g/local/uttar-pradesh/varanasi/news/varanasi-prayagraj-train-month
यदि आप इस सामग्री के प्रकाशक हैं और इसे यहाँ नहीं रखना चाहते, info@banaraslive.com पर लिखें।
यह भी पढ़ें
अब बिना झंझट घूमिए बनारस, शुरू हुई नई सुविधा, ₹15 में साइकिल और ₹30 में मिलेगी ई-साइकिल, इन 8 जगहों पर बने ...
आसान हुआ सफर: काशी से दिल्ली के बीच आज से दौड़ेगी स्लीपर वंदे भारत ट्रेन, पहले ही दिन दीपावली तक की सीटें फुल
वाराणसी में बोले भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा - 'एसआइआर नहीं कांग्रेस अपने कर्मों के कारण हारी'