बुधवार, 4 नवंबर 2026 𝕏 फ़ीड RSS स्रोत नीति English
बनारसLive LIVE
काशी और पूर्वांचल की खबरें
English
वाराणसी

अयोध्या को हराकर वाराणसी चैंपियन

अयोध्या को हराकर वाराणसी चैंपियन
तस्वीर: Amar Ujala

झांसी। रेशमा के 14 गोल की मदद से वाराणसी मंडल ने अयोध्या मंडल को एक गोल के अंतर से 51-50 से हराकर प्रदेश स्तरीय सीनियर महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता का खिताब जीत लिया। इसके साथ ही वाराणसी की टीम अपने खिताब का बचाव करने में सफल रही। यह टीम 2024 में भी चैंपियन बनी थी।


मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार को खेले गए रोमांचक फाइनल में दोनों टीमों की ओर से एक-एक गोल के लिए कड़ा मुकाबला देखने को मिला। यह टूर्नामेंट पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर आयोजित हुआ था। विजेता टीम को 13,000 रुपये और ट्रॉफी तथा उविजेता को 10,400 रुपये व ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया गया।


तीसरे अतिरिक्त समय में निकला परिणाम


मैदान पर खिलाड़ियों का जज्बा और तेजी से होते हमले देखने लायक थे। निर्धारित समय तक फाइनल मुकाबला 39-39 की बराबरी पर रहा। इसके बाद पांच मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया, जिसमें भी दोनों टीमों का स्कोर बराबर रहा। फिर से अतिरिक्त समय दिया गया और स्कोर बराबर रहा। अंततः तीसरे अतिरिक्त समय में वाराणसी ने एक गोल की बढ़त हासिल कर मुकाबला अपने पक्ष में कर लिया।


सेमीफाइनल में हारीं आजमगढ़ और लखनऊ की टीमें


पहले सेमीफाइनल में अयोध्या मंडल ने आजमगढ़ मंडल को 23-11 गोल से हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया था। दूसरे सेमीफाइनल में वाराणसी मंडल ने लखनऊ मंडल को 25-10 गोल से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया था। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी अब्दुल अजीज, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी कर्मवीर सिंह, जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष डॉ. रोहित पांडेय, जिला हैंडबॉल संघ की उपाध्यक्ष नीतू अवस्थी, मोनी पहलवान, जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल के अधिकारी शिवराम, शैलेंद्र कुशवाहा और सुरेंद्र कोरी आदि मौजूद रहे।

स्रोत: यह सामग्री Amar Ujala द्वारा प्रकाशित की गई थी — पूरा श्रेय मूल प्रकाशक का है।
मूल लिंक: https://www.amarujala.com/uttar-pradesh/jhansi/varanasi-crowned-champion-after-defeating-a
यदि आप इस सामग्री के प्रकाशक हैं और इसे यहाँ नहीं रखना चाहते, info@banaraslive.com पर लिखें।

यह भी पढ़ें