बुधवार, 4 नवंबर 2026 𝕏 फ़ीड RSS स्रोत नीति English
बनारसLive LIVE
काशी और पूर्वांचल की खबरें
English
वाराणसी

संसद के मंच पर चमकी बनारस की गुलाबी मीनाकारी, मैजिक बर्ड पर मुग्ध हुए विदेशी मेहमान

संसद के मंच पर चमकी बनारस की गुलाबी मीनाकारी, मैजिक बर्ड पर मुग्ध हुए विदेशी मेहमान
तस्वीर: Jagran

जागरण संवाददाता, वाराणसी। बनारस की गुलाबी मीनाकारी की चमक जब संसद के प्रांगण में बिखरी तो उसकी कलात्मक उड़ान सात समंदर पार से आए मेहमानों को भी आकर्षित करने लगी। धातु पर रंगों की महीन नक्काशी, पारंपरिक हुनर की बारीकी और सौंदर्यबोध का अनूठा संगम गुलाबी मीनाकारी के रूप में नई दिल्ली स्थित संसद भवन में आयोजित 12वें पार्लियामेंट्री ब्रिक्स सम्मेलन में आकर्षण का केंद्र बना।

26 और 27 अक्टूबर को आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान बनारस के इस पारंपरिक शिल्प ने अंतरराष्ट्रीय मेहमानों के बीच अपनी विशिष्ट पहचान दर्ज कराई। गुलाबी मीनाकारी के स्टाल पर विदेशी मेहमानों ने ज्वेलरी के साथ मैजिक बर्ड की खरीदारी में विशेष रुचि दिखाई। सम्मेलन में ब्रिक्स देशों से आए प्रतिनिधियों के लिए देश के विभिन्न राज्यों के हस्तशिल्प उत्पादों के स्टाल लगाए गए थे। इनमें वाराणसी की गुलाबी मीनाकारी का स्टाल भी था।

मैजिक बर्ड को अंगुली पर रख परखी कारीगरी
सम्मेलन के समापन दिवस मंगलवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी हस्तशिल्प स्टालों का अवलोकन किया। इस दौरान वह गुलाबी मीनाकारी के स्टाल पर पहुंचे और वहां मौजूद शिल्पी कुंज बिहारी सिंह से पूछा कि वे कहां से आए हैं। जवाब में बनारस का नाम सुनते ही उन्होंने उत्पादों के बारे में जिज्ञासा दिखाई और उनकी विशेषताओं की जानकारी ली।

कुंज बिहारी सिंह के अनुसार, लोकसभा अध्यक्ष ने गुलाबी मीनाकारी के आकर्षक उत्पाद मैजिक बर्ड को अपनी अंगुली पर रखकर उसका संतुलन भी परखा। उन्होंने इस कलात्मक उत्पाद की विशेषता और इसे तैयार करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। इस दौरान मैजिक बर्ड के साथ कमल ब्रोच सहित अन्य मीनाकारी उत्पादों ने भी उनका ध्यान आकर्षित किया। ओडीओपी (एक जिला, एक उत्पाद) के तहत बनारस की गुलाबी मीनाकारी की पहचान और उसके महत्व पर भी चर्चा हुई।

स्रोत: यह सामग्री Jagran द्वारा प्रकाशित की गई थी — पूरा श्रेय मूल प्रकाशक का है।
मूल लिंक: https://www.jagran.com/uttar-pradesh/varanasi-city-banaras-pink-enameling-shines-on-the-pa
यदि आप इस सामग्री के प्रकाशक हैं और इसे यहाँ नहीं रखना चाहते, info@banaraslive.com पर लिखें।

यह भी पढ़ें