बुधवार, 4 नवंबर 2026 𝕏 फ़ीड RSS स्रोत नीति English
बनारसLive LIVE
काशी और पूर्वांचल की खबरें
English
वाराणसी

वाराणसी : डाकघर से दुनिया के बाजार तक पहुंचेगा बनारसी कारोबार

वाराणसी : डाकघर से दुनिया के बाजार तक पहुंचेगा बनारसी कारोबार
तस्वीर: आर्यावर्त
  • वस्त्र समिति के जागरूकता कार्यक्रम में निर्यात की बारीकियां समझीं बुनकरों और उद्यमियों ने
  • आईईसी कोड, कस्टम, बीमा और वित्तीय योजनाओं की जानकारी; कम लागत में विदेश तक सामान भेजने पर जोर

वाराणसी (सुरेश गांधी)। बनारसी वस्त्रों और हस्तशिल्प को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने के लिए अब डाकघर निर्यात केंद्रों और ई-कॉमर्स की भूमिका अहम होगी। इससे स्थानीय बुनकरों, छोटे उद्यमियों और हस्तशिल्प कारोबारियों को विदेशों में अपने उत्पाद बेचने के नए अवसर मिल सकते हैं। भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के अधीन वस्त्र समिति द्वारा संचालित टेक्सटाइल एक्सपोर्ट फैसिलिटेशन सेंटर (टीईएफसी) की ओर से बुधवार को मालदहिया स्थित होटल हिंदुस्तान इंटरनेशनल में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में निर्यात प्रक्रिया को सरल और किफायती बनाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्वी उत्तर प्रदेश निर्यात संघ (ईयूपीईए) के महासचिव सैयद हसन अंसारी, वस्त्र समिति के सहायक निदेशक अम्बरीश सिंह और अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। अंसारी ने कहा कि स्थानीय हस्तशिल्प और वस्त्रों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए उत्पादों की गुणवत्ता, प्रभावी ब्रांडिंग और ई-कॉमर्स का उपयोग जरूरी है।

तकनीकी सत्रों में ईसीजीसी के शाखा प्रबंधक मुरलीधर महतो ने निर्यात जोखिम बीमा योजनाओं की जानकारी दी। भारतीय डाक के अधीक्षक योगेश कुमार मिश्रा और अधिकारी आनंद प्रधान ने डाकघर निर्यात केंद्रों तथा अंतरराष्ट्रीय पार्सल सेवाओं के माध्यम से कम लागत में विदेशों तक सामान भेजने की प्रक्रिया समझाई। नाबार्ड की उप महाप्रबंधक सोनिका राणा ने ग्रामीण उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों और किसान उत्पादक संगठनों के लिए उपलब्ध वित्तीय योजनाओं की जानकारी दी। विशेषज्ञ शिवेंद्र सिंह ने निर्यात कारोबार शुरू करने, आयात-निर्यात कोड (आईईसी), सीमा शुल्क और जरूरी दस्तावेजों की प्रक्रिया समझाई। प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राकेश द्विवेदी ने किया, जबकि अम्बरीश सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

स्रोत: यह सामग्री आर्यावर्त द्वारा प्रकाशित की गई थी — पूरा श्रेय मूल प्रकाशक का है।
मूल लिंक: https://www.liveaaryaavart.com/2026/10/Varanasi-export-via-post-office.html
यदि आप इस सामग्री के प्रकाशक हैं और इसे यहाँ नहीं रखना चाहते, info@banaraslive.com पर लिखें।

यह भी पढ़ें